Sunday, September 08, 2024

Uttarakhand Weather: कड़ाके की ठंड से जमने लगा उत्तराखंड, चमोली से लेकर औली तक बिछी बर्फ की चादर; खूबसूरत हुई वादियां

उत्तराखंड देहरादून

Uttarakhand Weatherउत्तराखंड में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी हैं। कोहरे और बर्फबारी से तापमान माइनस में पहुंचने की कगार पर हैं। हालांकि कई जनपद ऐसे हैं जहां तापमान माइनस में पहुंच गया है। चमोली से लेकर औली तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी से उत्तराखंड की वादियां खूबसूरत हो गई है। वहीं पारा गिरने से अब लोगों को परेशानी भी होने लगी है।

HIGHLIGHTS

  1. उत्तराखंड में जमने लगी झीलें
  2. लगातार गिर रहा तापमान
  3. चमोली से लेकर औली तक हुई बर्फबारी

 देहरादून। उत्तराखंड में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी हैं। पहाड़ की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी से अब मैदानी इलाकों में भी लगातार तापमान गिर रहा है। आलम ये है कि नालों और झरनों में बहता पानी अब जमने लगा है। हर्षिल वैली के खई जलप्रपात अब जमने लगे हैं।

दून समेत प्रदेशभर में बुधवार को मौसम शुष्क रहा। मैदानी क्षेत्र में विशेषकर हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा छाये रहने और पहाड़ों में पाला पड़ने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आने से सुबह एवं शाम कड़ाके की ठंड बढ़ने की संभावना है

पाले को लेकर जारी यलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्रदेशभर का मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं सुबह एवं शाम को मध्यम से घना कोहरा छाये रहने व पहाड़ों में पाला पड़ने की संभावना है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

औली हुआ खूबसूरत

लगातार हो रही बर्फबारी से तापमान गिरता जा रहा है। औली में बर्फबारी के बाद अब नजारा खूबसूरत हो गया है।

धीरे-धीरे पर्यटकों का आना भी बढ़ रहा है।

लाहुल में झील जमीं

लाहुल स्पीति में तापमान माइनस पहुंच गया है। आलम ये है कि यहां झील का पानी जम गया है।

कुमाऊं में तापमान पहुंचे माइनस में

कुमाऊं में ठंड लगातार बढ़ रही है। पांच जिलों का तापमान दो डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। लोहाघाट में तापमान शून्य से दो डिग्री से भी नीचे चला गया है। मौसम विभाग के भौतिक व स्वचालित केंद्रों के आधार पर बुधवार को -2.2 डिग्री तापमान के साथ लोहाघाट सर्वाधिक ठंडा रहा। अगले पूरे सप्ताह ठिठुराने वाली ठंड जारी रहने वाली है। फिलहाल वर्षा की संभावना नहीं है।

अल्मोड़ा में बढ़ गई ठिठुरन

अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में भी तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय, बागेश्वर जिले के गरुड़ व नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर में तापमान दो डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं पर रात के समय पाला गिर रहा है। इससे सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। बढ़ती ठंड की वजह से दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। लोग घरों से देरी से निकल रहे हैं। शाम को जल्दी से घरों में चले जा रहे हैं। शाम चार बजे बाद बाजार में सन्नाटा पसर जा रहा है।

दो दिन पाले को लेकर चेताया

मौसम विभाग ने 14 व 15 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में कहीं कहीं पर पाला गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कहा है कि पाला की वजह से फसलों की कोशिकाओं को क्षति पहुंच सकती है। इससे कीट व रोगों के फसल पर आक्रमण करने की संभावना होती है। पाले से सड़कें फिसलन भरी होंगी। रात व सुबह के समय ठंड बढ़ सकती है।

शेल्टर बेल्ट लगाकर फसलों का करें बचाव

मौसम विभाग ने पौधों को ठंड के कारण बचाव के लिए सतह की हल्की सिंचाई व बारहमासी बागों में अंतर फसल उगाने की सलाह दी है। खेत के चारों ओर हवा के अवरोध के लिए शेल्टर बेल्ट लगा सकते हैं। इससे ठंड के कारण होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। देर रात व सुबह जल्दी ड्राइविंग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।