Sunday, July 07, 2024

‘जीजा जी रात को बोलते हैं I LOVE YOU… समझने को तैयार नहीं’, साली ने जब बहन को बताई बहनोई की काली करतूत तो…

उत्तराखंड देहरादून

साली को प्रपोज करना एक युवक को भारी पड़ गया है। दरअसल साली को आईलवयू बोलने पर पत्नी गुस्से से लाल हो गई। उसने जमकर बवाल काटा। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने पति पर दहेज मांगने का आरोप लगा दिया। यहां तक कि थाने में भी पत्नी ने जमकर हंगामा कर डाला। 22 साल पहले दोनों की शादी हुई थी।

HIGHLIGHTS

  1. पुलिस ने किसी तरह से मामला कराया शांत
  2. महिला ने पति पर लगाया दहेज मांगने का आरोप

 रुड़की। एक युवक ने अपनी साली को मोबाइल पर मैसेज कर आई लव यू बोल दिया। साली ने यह बात अपनी बहन को बता दी। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने पति पर दहेज मांगने का आरोप लगा दिया। कोतवाली में भी इनके बीच जमकर हंगामा हुआ।

पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। वहीं इनके विवाद के बीच इनका बेटा पीस गया। वह दोनों को झगड़ते देख रोने लगा। अभी तक मामले का निस्तारण नहीं हो पाया है। रुड़की सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक की शादी करीब 22 साल पहले एक युवती से हुई थी। दोनों के एक 20 साल का बेटा भी है।

काफी समय से चल रहा था दोनों के बीच विवाद

पिछले कुछ समय से पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बेटे ने अपनी पढ़ाई के लिए लैपटॉप दिलाने के लिए कहा था। इसके बाद युवक ने पत्नी को लैपटॉप खरीदने के लिए मायके से पैसे लाने की बात कही थी। इसके बाद पति की बातों में आकर पत्नी ने अपने मायके से रुपये लेकर बेटे को लैपटॉप दिला दिया।

इसी बीच महिला को उसकी बहन ने बताया कि जीजा रात को उसे मैसेज भेजकर आइ लव यू बोल रहे हैं। उसने बताया कि वह कई बार समझा चुकी है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हैं। उसने बताया कि उसके पति ने यह मैसेज देख लिया है। जिससे उसका घर टूटने की कगार पर है।

बात सुनकर महिला के उड़े होश

बहन की बात सुनकर महिला के होश उड़ गए। पति की करतूत पता चलने पर उसने पति को जमकर फटकार लगाई। इसे लेकर दोनों के बीच जमकर हंगामा हो गया। पति ने पत्नी से गाली गलौज कर दी। जिसके बाद महिला ने बुधवार को कोतवाली पहुुंचकर पुलिस से शिकायत कर दी। साथ ही पति पर दहेज मांगने का आरोप लगाया।

महिला ने पुलिस के सामने ही पति की करतूत बताई तो वह बगले झांकने लगा। दोनों के बीच जमकर हंगामा हो गया। इनके साथ कोतवाली आया इनका बेटा रोने लगा।

महिला के स्वजन ने उसे किसी तरह से शांत किया। वहीं, युवक सुलह के प्रयास में लगा है। प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया दोनों को फिर से थाने बुलाया गया है। इनमें सुलह के भी प्रयास हो रहे हैं।