Uttarakhand Weather: यमुनोत्री धाम में रातभर से बारिश, उफनाई यमुना से जानकीचट्टी में अफरातफरी का माहौल, अलर्ट

उत्तरकाशी़ उत्तराखंड

यमुना नदी के उफान पर आने से जानकीचट्टी में अफरातफरी मच गई। यमुना नदी तटवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में रातभर से बारिश का सिलसिला जारी है। यमुना नदी के उफान पर आने से जानकीचट्टी में अफरातफरी का माहौल रहा। पिछले 12 दिनों में दूसरी बार जानकीचट्टी बस पार्किंग में पानी घुस गया।

मध्य रात्रि तक जानकीचट्टी में अफरातफरी का माहौल बना हुआ रहा। उधर यमुनोत्री धाम से यमुना के पुजारी गिरीश उनियाल ने बताया कि धाम में कल दोपहर से लगातार बारिश हो रही है, लेकिन यहां पर यमुना नदी सामान्य रूप से बह रही है उन्होंने कहा कि सम्भवतः है कि भंडेलीगाड में अधिक पानी आने से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा होगा।

यमुना नदी का जलस्तर रात 12 बजे के बाद बढ़ा और रात दो बजे तक जानकीचट्टी में अफरातफरी मच रही। स्थानीय लोगों ने यमुना नदी तटवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों को विभिन्न माध्यमों से सूचना भेज कर सतर्क रहने की सलाह दी।