केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार पर टिकी राज्य की निगाहें, उत्तराखंड को भी मिल सकता है और प्रतिनिधित्व

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। केंद्रीय मंत्रिमंडल के बुधवार को संभावित विस्तार पर उत्तराखंड की निगाहें भी टिकी हैं। राज्य में भी अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में माना जा रहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में उत्तराखंड को और प्रतिनिधित्व मिल सकता है। प्रदेश सरकार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री पद से विदा किए गए तीरथ सिंह रावत का नाम मुख्य रूप से मंत्री पद के दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। उनके अलावा राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट और इसी साल मार्च में मुख्यमंत्री पद से रुखसत हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम भी चर्चा में हैं।

वर्तमान में उत्तराखंड से सांसद रमेश पोखरियाल निशंक केंद्र में शिक्षा मंत्री हैं। अब जबकि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बदली परिस्थितियों में प्रदेश सरकार में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है तो उम्मीद जगी है कि उत्तराखंड को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में और जगह मिल सकती है। इसके जरिये प्रदेश में बार-बार नेतृत्व परिवर्तन को लेकर उठने वाले सवालों की आंच को भाजपा कुछ कम कर सकती है। जाहिर है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा यह संदेश देने का प्रयास भी करेगी कि उसके लिए उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *